रांची: सरला बिरला पब्लिक स्कूल, रांची में ‘विकसित भारत की संकल्पना’ विषय पर अंतरविद्यालयीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के युवा वक्ताओं ने अपनी प्रतिभा, तार्किक सोच और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण को लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए।
इस आयोजन का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा परिकल्पित ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य के प्रति युवाओं को जागरूक करना और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को रेखांकित करना था। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा, नवाचार, कौशल विकास, वैज्ञानिक प्रगति, सतत विकास और समावेशी विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत संबोधन और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद प्रतिभागियों ने पूरे आत्मविश्वास और दृढ़ता के साथ मंच पर अपने विचार प्रस्तुत किए। उनके वक्तव्यों में एक ऐसे भारत की परिकल्पना दिखाई दी, जो तकनीकी रूप से उन्नत होने के साथ-साथ आत्मनिर्भर, समृद्ध और सभी वर्गों के लिए समान अवसर प्रदान करने वाला राष्ट्र बने।
इस आयोजन को झारखंड से राज्यसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से भी प्रेरणा मिली। शिक्षा, रचनात्मकता, नवाचार और राष्ट्र निर्माण पर उनके जोर ने विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने के लिए प्रेरित किया।
