वरिष्ठ पत्रकार राजीव कुकरेजा का रिम्स में निधन, आखिरी वक्त में अपनों का इंतजार करते रह गए पत्रकार

Spread the love

रांची: झारखंड की पत्रकारिता जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। वरिष्ठ पत्रकार राजीव कुकरेजा का आज रांची स्थित रिम्स में निधन हो गया। उनके निधन ने एक बार फिर समाज और पत्रकारिता जगत के सामने इंसानियत, संवेदनशीलता और आपसी सहयोग को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
राजीव कुकरेजा ने अपने जीवन में जब तक उनका साथ देने के लिए हाथ-पांव चलते रहे, वे दूसरों की मदद के लिए हमेशा आगे आते रहे। किसी को जरूरत हो, किसी को परेशानी हो या किसी को सहयोग की उम्मीद हो, राजीव कुकरेजा अपनी क्षमता के अनुसार मदद करने की कोशिश करते थे। लेकिन जिंदगी के आखिरी दौर में जब उन्हें खुद दूसरों के सहयोग और सहारे की जरूरत पड़ी, तो कथित तौर पर उन्हें वह मदद नहीं मिल सकी, जिसकी उम्मीद उन्होंने अपने परिचितों और पत्रकार साथियों से की होगी।
सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि उनकी बेटी सिमरन अपने पिता को बचाने और उनके इलाज के लिए लगातार प्रयास करती रहीं। जहां से भी उन्हें उम्मीद की किरण दिखाई दी, उन्होंने वहां संपर्क किया। उन्हें लगा कि शायद कोई परिचित, कोई पत्रकार साथी या कोई ऐसा व्यक्ति मदद के लिए आगे आएगा, जो उनके पिता के इलाज में सहयोग कर सके। परिवार की ओर से लगातार कोशिशें की गईं, लेकिन बेटी की उम्मीदों को वह सहारा नहीं मिल सका, जिसकी उन्हें इस कठिन समय में जरूरत थी।
यह घटना सिर्फ एक पत्रकार के निधन की खबर नहीं है, बल्कि पत्रकारिता जगत के सामने आत्ममंथन का एक बड़ा सवाल भी छोड़ जाती है। जो व्यक्ति अपनी जिंदगी में दूसरों के लिए खड़ा रहा, क्या उसके मुश्किल वक्त में हम उसके साथ खड़े नहीं हो सकते थे?आज राजीव कुकरेजा की बेटी सिमरन ने अपने पिता को खो दिया है। इस दुख की घड़ी में परिवार के प्रति गहरी संवेदना। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *