मोहर्रम को भाईचारे और शांति के साथ मनाएं : स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी

Spread the love

सेंट्रल मोहर्रम कमेटी ने स्वास्थ्य मंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का पगड़ी व तलवार देकर किया सम्मान, मोहर्रम में चिकित्सकीय व्यवस्था सुनिश्चित करने का दिया आश्वासन

रांची : सेंट्रल मोहर्रम कमेटी के अध्यक्ष जमशेद अली उर्फ पप्पू गद्दी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से मुलाकात कर आगामी मोहर्रम पर्व को लेकर चर्चा की। इस अवसर पर सेंट्रल मोहर्रम कमेटी की ओर से डॉ. इरफान अंसारी को पगड़ी पहनाकर एवं तलवार भेंट कर सम्मानित किया गया। मौके पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि मोहर्रम बलिदान, त्याग और इंसानियत का संदेश देने वाला पर्व है। इसे आपसी भाईचारे, प्रेम और गंगा-जमुनी तहज़ीब के साथ शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मोहर्रम का त्योहार मोहब्बत और सौहार्द के साथ मनाया जाना चाहिए। डॉ. अंसारी ने बताया कि उन्होंने राज्य के सभी सिविल सर्जनों को निर्देश दिया है कि मोहर्रम के दौरान अखाड़ों और जुलूसों में चिकित्सकों की टीम एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।
इस दौरान सेंट्रल मोहर्रम कमेटी द्वारा झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश को भी पगड़ी एवं तलवार देकर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के बाद केशव महतो कमलेश ने कहा कि मोहर्रम का पर्व उत्साह, सद्भावना, आपसी प्रेम और शांति के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने सभी समुदायों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। सेंट्रल मोहर्रम कमेटी के अध्यक्ष जमशेद अली उर्फ पप्पू गद्दी ने कहा कि डॉ. इरफान अंसारी सामाजिक एकता और भाईचारे के प्रतीक हैं। मोहर्रम के अवसर पर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उनके द्वारा दिए गए निर्देशों का समिति स्वागत करती है। उन्होंने कहा कि इससे जुलूसों और अखाड़ों में शामिल लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। प्रतिनिधिमंडल में सेंट्रल मोहर्रम कमेटी के उपाध्यक्ष खालिद उमर, प्रवक्ता मोहम्मद इस्लाम, सज्जाद इदरीसी, उपाध्यक्ष सचिन सोनू, अरमान, राजू, परवेज इकबाल, लड्डन गद्दी सहित समिति के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *