हाजी जमील मंज़र के इंतकाल पर अमीर शरीअत ने जताया गहरा दुख, कहा– एक साहिबे किरदार इंसान थे हाजी साहब

Spread the love

कोलकाता की मशहूर मिल्ली और सामाजिक शख्सियत हाजी जमील मंज़र का 20 नवंबर 2026 को 70 वर्ष की उम्र में लंबी बीमारी के बाद इंतकाल हो गया। उनके निधन से मिल्ली और सामाजिक हलकों में शोक की लहर है।
हाजी जमील मंज़र के इंतकाल पर अमीर शरीअत बिहार, ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल हजरत मौलाना सैयद अहमद वली फैसल रहमानी ने गहरा दुख जाहिर किया। उन्होंने कहा कि हाजी साहब एक साहिबे किरदार, बेहद सक्रिय और नेकदिल इंसान थे। उनका अमारत शरीअत और खानकाह रहमानी मुंगेर से गहरा लगाव था। उनके जाने से एक बड़ा मिल्ली खालीपन पैदा हो गया है।
वहीं, अमारत शरीअत के नाजिम मौलाना मुफ्ती मोहम्मद सईदुर रहमान कासमी ने भी उनके निधन को बड़ा नुकसान बताया। उन्होंने कहा कि हाजी जमील मंज़र ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड और अमारत शरीअत से लंबे समय से जुड़े हुए थे। उन्होंने अपनी सरपरस्ती में कोलकाता में बोर्ड के दो कामयाब इजलास आयोजित कराए थे, जिनकी व्यवस्था और इंतजाम की काफी सराहना हुई थी।
मूल रूप से गया के रहने वाले हाजी जमील मंज़र ने कारोबार के सिलसिले में कोलकाता को अपना केंद्र बनाया और पूरी जिंदगी वहीं गुजारी। कारोबार के साथ-साथ उन्हें समाजसेवा, मिल्ली कामों और बुजुर्गों से अकीदत के लिए भी जाना जाता था।
अमारत शरीअत के अन्य जिम्मेदारों ने भी उनके इंतकाल पर गहरा दुख जताते हुए उनकी मगफिरत और बुलंद दरजात के लिए दुआ की है। साथ ही उनके परिजनों को सब्र देने की दुआ की गई है।
अल्लाह तआला मरहूम की मगफिरत फरमाए और उन्हें जन्नतुल फिरदौस में आला मकाम अता फरमाए। आमीन।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *