रांची: आगामी गणेश चतुर्थी, करम पर्व, दुर्गापूजा, दीपावली, छठ और काली पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित कर सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, यातायात, स्वच्छता और विसर्जन व्यवस्था की समीक्षा की गई।
बैठक में उपायुक्त ने अधिकारियों को पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर आयोजन से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा मानकों से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पंडाल निर्माण में सुरक्षा नियम जरूरी
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि पूजा पंडालों का निर्माण निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप हो। पंडाल में प्रवेश और निकास के पर्याप्त रास्ते, आपातकालीन निकासी, सुरक्षित विद्युत वायरिंग और अग्निशमन उपकरणों की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।
खास तौर पर बिजली के खंभे, ट्रांसफॉर्मर या अन्य विद्युत संरचनाओं से सटाकर पंडाल या तोरण द्वार का निर्माण नहीं करने का निर्देश दिया गया है।
बिजली व्यवस्था में लापरवाही पर कार्रवाई
पूजा पंडालों और पूजा स्थलों पर नंगे या खुले विद्युत तारों के इस्तेमाल पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया है। बिजली विभाग को नियमित निरीक्षण करने और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।
विसर्जन में वाहन और चालक की होगी जांच
विसर्जन के दौरान भीड़ और यातायात व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने विशेष निर्देश जारी किए हैं। पूजा समितियों को संबंधित थाना और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय कर निर्धारित विसर्जन रूट का ही इस्तेमाल करना होगा।
विसर्जन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की एमवीआई जांच, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच और नो-एल्कोहोल टेस्ट के बाद ही वाहन के उपयोग की अनुमति होगी। पूजा समितियों से इस संबंध में आवश्यक अंडरटेकिंग भी लेने का निर्देश दिया गया है।
करम पर्व और छठ घाटों पर विशेष तैयारी
करम पर्व के दौरान तालाबों और पूजा स्थलों पर संभावित भीड़ को देखते हुए नगर निगम को पहले से निरीक्षण, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। जरूरत के अनुसार क्रेन की उपलब्धता और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था भी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं छठ पर्व को लेकर सभी प्रमुख घाटों की समय पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षित पहुंच मार्ग और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
दीपावली में पटाखों और ट्रैफिक पर निगरानी
दीपावली के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन प्रतिबंधित और असुरक्षित पटाखों की बिक्री एवं इस्तेमाल पर भी निगरानी रखेगा। इसके अलावा खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को नियमित निरीक्षण और कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
पूजा समितियों में युवाओं की भागीदारी पर जोर
उपायुक्त ने पूजा समितियों में अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने और प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। इसके लिए बनाए गए व्हाट्सऐप ग्रुप में प्रशासनिक अधिकारियों और पूजा समिति के सदस्यों को सक्रिय रहने तथा जरूरी सूचनाओं का समय पर आदान-प्रदान करने का निर्देश दिया गया है।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने साफ कहा कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी, विद्युत सुरक्षा में लापरवाही, असुरक्षित पंडाल निर्माण या विसर्जन के दौरान नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियम तोड़ने वालों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई होगी।
