जनता की समस्याओं से रूबरू हुए जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री

Spread the love

जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने आज दिनांक 06.10.2026 को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आम लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याओं एवं मांगों से जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री को अवगत कराया।

जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने आम लोगों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित पदाधिकारियों को मामलों की जांच करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

कांके प्रखण्ड के नगड़ी क्षेत्र से आए ग्रामीणों ने क्षेत्र में संचालित एवं प्रस्तावित विकास योजनाओं से संबंधित अपनी बातें जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त के समक्ष रखीं। ग्रामीणों द्वारा रोजगार एवं स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया। इस पर जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने ग्रामीणों को बताया कि रोजगार से संबंधित संभावनाओं एवं जरूरतों को चिन्हित करने के लिए हाउस टू हाउस सर्वे कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसर उपलब्ध होने पर स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देने की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी।

मोरहाबादी मैदान में स्थगित साप्ताहिक बाजार को पुनः शुरू कराने तथा दुकानदारों से कथित अवैध वसूली किए जाने से संबंधित शिकायत भी जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त के समक्ष रखी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायत की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।

जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध एवं उचित समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए लोगों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *