सेवा भारती रांची महानगर का वार्षिकोत्सव चार फरवरी को

Spread the love

रांची: सेवा भारती, रांची महानगर का वार्षिकोत्सव सह बाल संगम चार फरवरी को रांची के कडरू कॉपरेटिव मैदान, डी.ए.वी कपिलदेव स्कूल मैदान में आयोजित किया गया है। इस एक दिवसीय समारोह में 70 सेवा बस्तियों के बालक-बालिकाएं एवं वैभवश्री से जुड़ कर स्वावलंबी महिलाओं का संगम होगा। दिन भर के कार्यक्रम के दौरान सुबह में सेवा बस्तियों के लगभग 1500 बच्चों द्वारा “रंग भरो चित्रकला प्रतियोगिता’ होगी, जहां कक्षा अनुसार 5 समूह में बच्चे अयोध्या में स्थापित भव्य राम मंदिर के चित्र को रंग भर कर अपनी कला दिखाएंगे। तदोपरांत समूह सह प्रथम, द्वितीय, तृतीय का चयन कर पुरस्कृत किया जायेगा। इसी मध्य वैभवश्री से जुड़ी स्वावलंबी महिलाओं की गोष्ठी आयोजित है। इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डा आशा लकड़ा, पूर्व मेयर, रांची नगर निगम, कार्यक्रम अध्यक्ष रश्मि दयाल, सामाजिक कार्यकर्ता जयश्री इन्दरवार विशिष्ट अतिथि एवं आशीर्वचन निर्मला कौर, पूर्व एडीजीपी का होगा।

यह जानकारी सेवा भारती रांची महानगर के अध्यक्ष चंद्रकांत रायपत ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

उन्होंने बताया कि दोपहर दो बजे से सार्वजनिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। इस अवसर पर बच्चों द्वारा सामूहिक मंत्रोचार, गीत, तीष्ठ योग एवं आसन का प्रदर्शन किया जायेगा। सार्वजनिक कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, झारखण्ड-बिहार के क्षेत्र संघचालक देवव्रत पाहन का आशीर्वचन प्राप्त होगा एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में रांची के उद्यमी व समाज सेवी विष्णुदत्त गोयल रहेंगे।

श्री रायपत ने बताया कि सेवा भारती, रांची महानगर के माध्यम से विगत 24 वर्षों से समाज के वंचित, उपेक्षित, अभावग्रस्त एवं पीड़ित परिवारों के बीच शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन एवं सामाजिक, संस्कार के सेवा कार्यों द्वारा बस्ती परिवर्तन का कार्य हो रहा है। सेवा बस्तियों एवं सेवा ग्रामों में शिक्षा आयाम के बाल संस्कार केन्द्र, किशोरी विकास केन्द्र, विद्यालय, छात्रावास का संचालन कर बच्चों को बाल मन से ही संस्कारित किया जा रहा है। जिससे बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों में भी परिवर्तन आ रहा है। स्वावलंबन केन्द्र के माध्यम से अभावग्रस्त परिवार की महिलाएं, युवक-युवतियों का कौशल विकास कर, स्वावलंबन प्रशिक्षण दे कर स्वरोजगार से जोड़ने का कार्य हुआ। स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं का संगठनात्मक, संस्कारात्मक विकास के साथ आर्थिक सशक्तिकरण हुआ है।

सेवा भारती पूरे झारखण्ड में शिक्षा के 217, स्वास्थ्य के 18, सिलाई कटाई व कम्प्यूटर प्रशिक्षण केन्द्र-36, स्वयं सहायता समूह (वैभवश्री)- 1238 एवं सामाजिक जागरण-40 सहित 1553 सेवा कार्य चला रही है। सेवा कार्यो के वार्षिक उपलब्धि का प्रदर्शन वार्षिक कार्यक्रमों के माध्यम से किया जाता है जिससे समाज प्रत्यक्ष देख कर सेवा कार्यों में अपनी सहभागिता बढ़ाता है। प्रेस वार्ता में सेवा भारती महानगर के सचिव श्याम टोरका, राष्ट्रीय सेवा भारतीय न्यासी गुरु शरण प्रसाद, सेवा भारती झारखंड प्रांत के कोषाध्यक्ष राधेश्याम अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक रवि चौधरी, मात्र मंडल संयोजक झारखंड प्रांत रमाकांत दुबे, सेवा भारती झारखंड प्रांत के संगठन मंत्री जितेंद्र कुमार समेत अन्य लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *