रांची : मानसिक स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने और संस्थान की सेवाओं को देशभर तक पहुंचाने के उद्देश्य से रिनपास (रिनपास), कांके ने सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) प्रकोष्ठ के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर विशेष एफएम रेडियो जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत देश के विभिन्न प्रमुख एफएम रेडियो नेटवर्क पर रिनपास का विशेष रेडियो संदेश प्रसारित किया जा रहा है। रेडियो संदेश में लोगों को यह प्रेरक संदेश दिया जा रहा है कि “मानसिक स्वास्थ्य महत्वपूर्ण है, आप अकेले नहीं हैं। मदद के लिए संपर्क करें।” इसके साथ ही रिनपास द्वारा संचालित 247 मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी भी साझा की जा रही है, ताकि मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे व्यक्ति और उनके परिजन समय पर विशेषज्ञों से परामर्श एवं सहायता प्राप्त कर सकें। अभियान के तहत बिग एफएम इंदौर में प्रतिदिन शाम 6 बजे से 9 बजे तक, बिग एफएम चंडीगढ़ में सुबह 7 बजे से 11 बजे तक, रेड एफएम कोलकाता में शाम 6 बजे से 9 बजे तक तथा बिग एफएम मुंबई में दोपहर 2 बजे से 6 बजे तक प्रतिदिन दो-दो बार रिनपास का जागरूकता संदेश प्रसारित किया जा रहा है। रेडियो अभियान में रिनपास की 247 हेल्पलाइन संख्या 9471136697 के साथ टोल-फ्री हेल्पलाइन 14499 और 18003454060 का भी व्यापक प्रचार किया जा रहा है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर लोग तुरंत विशेषज्ञ सहायता प्राप्त कर सकें।
रिनपास के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना, मानसिक रोगों से जुड़े मिथकों और सामाजिक कलंक को कम करना तथा लोगों को समय पर उपचार के लिए प्रेरित करना है। संस्थान का मानना है कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है और समय पर सहायता लेना स्वस्थ जीवन की दिशा में सबसे अहम कदम है। रिनपास, कांके ने आमजन से अपील की है कि मानसिक स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या की स्थिति में बिना किसी झिझक के हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करें तथा आवश्यकता पड़ने पर संस्थान से संपर्क कर विशेषज्ञ उपचार एवं परामर्श प्राप्त करें।
