सरकार की हर योजना अंतिम किसान तक पहुंचे, यही हमारी प्राथमिकता : आदिल अज़ीम

Spread the love

नगड़ी में जिला स्तरीय किसान मेला सह कार्यशाला का आयोजन, किसानों को मिली योजनाओं और आधुनिक खेती की जानकारी

रांची : कृषि विभाग रांची जिला के तत्वावधान में बुधवार को नगड़ी प्रखंड में जिला स्तरीय किसान मेला सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। मेले का उद्देश्य किसानों को आधुनिक खेती, नई कृषि तकनीकों एवं सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि एवं उद्योग विभाग के सभापति आदिल अज़ीम ने कहा कि सरकार की मंशा है कि कृषि विभाग द्वारा संचालित सभी योजनाओं का लाभ जिले के एक-एक किसान तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और किसानों की खुशहाली से ही राज्य एवं देश का विकास संभव है।

उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार नई योजनाएं चला रही है। कृषि यंत्रीकरण, बीज वितरण, सिंचाई सुविधा, जैविक खेती, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कोई भी पात्र किसान योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।

आदिल अज़ीम ने किसानों से आधुनिक तकनीक अपनाने की अपील करते हुए कहा कि पारंपरिक खेती के साथ नई तकनीकों के उपयोग से कम लागत में अधिक उत्पादन संभव है। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को किसानों को समय-समय पर प्रशिक्षण और सही मार्गदर्शन देने का निर्देश भी दिया।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यह किसान मेला सह कार्यशाला बिल्कुल सही समय पर आयोजित की गई है, जिससे किसानों को खेती के मौसम से पहले योजनाओं और कृषि तकनीकों की जानकारी मिल रही है। इसके लिए उन्होंने रांची जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग के सभी पदाधिकारियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि किसानों के हित में इस प्रकार के कार्यक्रम लगातार आयोजित होते रहने चाहिए, ताकि सरकार और किसानों के बीच सीधा संवाद बना रहे।

किसान मेला में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे, जहां किसानों को उन्नत बीज, कृषि उपकरण, जैविक खेती, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं सरकारी अनुदान योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। किसानों ने भी अपनी समस्याओं और सुझावों को अधिकारियों के समक्ष रखा।

कार्यक्रम में कृषि विभाग के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान किसानों में काफी उत्साह देखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *