रांची। सिमडेगा जिले के कोलेबिरा में मुस्लिम युवती की हत्या मामले में कांग्रेस नेता आरिफ रजा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यदि पीड़िता दूसरे धर्म की होती और आरोपी मुस्लिम समुदाय से होता, तो अब तक पूरे मामले को लव जिहाद का नाम देकर राजनीतिक और सामाजिक बहस छेड़ दी गई होती। उन्होंने कहा कि आज जब एक मुस्लिम युवती की हत्या के मामले में दूसरे धर्म के युवक पर आरोप लग रहा है,तब कई लोग और संगठन चुप्पी साधे हुए हैं। आखिर इस घटना को क्या नाम दिया जाए? क्या सिर्फ आरोपी और पीड़िता का धर्म देखकर घटनाओं की परिभाषा तय होगी? आरिफ रजा ने कहा कि किसी भी बेटी की हत्या सिर्फ एक अपराध नहीं,बल्कि समाज की संवेदनहीनता का उदाहरण है। प्रेम संबंध के नाम पर धोखा,शोषण और हत्या जैसी घटनाओं पर समान रूप से आवाज उठनी चाहिए। कानून और इंसाफ का पैमाना हर मामले में एक जैसा होना चाहिए,चाहे आरोपी किसी भी धर्म या समुदाय से जुड़ा हो। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिलना चाहिए। साथ ही उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
