रांची। बसिया और पालकोट होते हुए कमडरा, लापुंग और अब बेडो रेंज के नेहालू कपाड़िया इलाके में जंगली हाथियों का विशाल झुंड पहुंच गया है। हाथियों का झुंड फिलहाल खेतों के किनारे विचरण कर रहा है, जिसके बाद वन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। इसके साथ ही बेरो हाथी भगाओ दस्ता भी मौके पर मौजूद है और हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। वन विभाग की टीम हाथियों को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर भेजने की कोशिश में जुटी है।
बताया जा रहा है कि यह वही हाथियों का झुंड है, जो पिछले दिनों बसिया से पालकोट, कमडरा और फिर लापुंग की ओर बढ़ा था। अब झुंड ने अपना रुख बेरो रेंज की ओर किया है। हाथियों के झुंड में छोटे बच्चे भी शामिल हैं, ऐसे में वन विभाग बेहद सावधानी के साथ उनकी निगरानी कर रहा है।
वन विभाग की प्राथमिकता हाथियों और ग्रामीणों, दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। टीम दिन-रात हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है, ताकि हाथियों को सुरक्षित जंगल की ओर भेजा जा सके और ग्रामीणों को किसी भी तरह के खतरे से बचाया जा सके।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों के झुंड से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। हाथियों के करीब जाने, उन्हें घेरने, शोर मचाने या उनका पीछा करने से बचें। खेत या जंगल के आसपास हाथियों की मौजूदगी की स्थिति में भीड़ न लगाएं और किसी भी तरह की सूचना तुरंत वन विभाग को दें।
वन विभाग का कहना है कि हाथियों के झुंड में छोटे बच्चे भी हैं, इसलिए उन्हें परेशान करने के बजाय सुरक्षित रास्ता देना जरूरी है। ग्रामीणों की सुरक्षा के साथ-साथ हाथियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है।
