भाकपा माले के नेतृत्व में 29 लाख के फर्जी बिजली बिल के खिलाफ ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन, बिजली विभाग कार्यालय का घेराव

Spread the love

रांची। 8 सितंबर, 2026। कांके प्रखंड स्थित बिजली विभाग कार्यालय के समक्ष भाकपा माले के नेतृत्व में पिठौरिया इलाके के ग्रामीणों ने विभाग की घोर लापरवाही, मनमानी और भ्रष्टाचार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने कार्यालय के मुख्य द्वार का घेराव करते हुए विभागीय अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रशासनिक व्यवस्था पर कड़ा निशाना साधा।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभाग की लापरवाही इस कदर बढ़ चुकी है कि जिन गरीब परिवारों के घरों में केवल दो-चार बल्ब, एक पंखा और मोबाइल चार्ज जैसी बुनियादी खपत होती है, उन्हें 29 लाख रुपये तक का बेतुका मनगढ़ंत बिजली बिल थमा दिया गया है। बकाया राशि के नाम पर बिना किसी पूर्व सूचना के निर्धन परिवारों के बिजली कनेक्शन काट दिए गए और इस दौरान विभागीय कर्मियों ने उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार किया। कई ग्रामीणों से दोबारा कनेक्शन जोड़ने के नाम पर अवैध वसूली की गई, फिर भी उनकी बिजली बहाल नहीं हुई। इसके विपरीत, गलत बिलों को सुधारने के बजाय अधिकारी आम जनता पर एफआईआर दर्ज कराने की धमकियां देकर उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं।

कार्यालय परिसर में बढ़ते जनआक्रोश और हंगामे को देखते हुए बिजली विभाग के एसडीओ ने ग्रामीणों और पार्टी प्रतिनिधियों को वार्ता के लिए अपने कक्ष में बुलाया। लंबी बातचीत के बाद एसडीओ ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए ग्रामीणों को लिखित आश्वासन सौंपा कि सभी गड़बड़ियों को अविलंब दूर किया जाएगा और अवैध रूप से काटे गए कनेक्शनों की जांच होगी। इसके साथ ही एसडीओ ने स्वयं दो दिनों के भीतर पिठौरिया इलाके जाकर जमीनी स्तर पर समस्याओं का स्थलीय निरीक्षण करने का निर्णय लिया है। ग्रामीणों और भाकपा माले नेतृत्व ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि दिए गए लिखित आश्वासन पर समय रहते अमल नहीं हुआ, तो विभाग के खिलाफ अनिश्चितकालीन और उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।

मौके जफर अंसारी, सुरेश उरांव, सोनू उरांव, रितेश महतो, श्रवण कुमार, संजय, बिरसा, कलावती देवी, आकाश रंजन, विभा पुष्पा दीप, रंजीत सिंह चेरो सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।
जारीकर्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *