सिविल सर्जन कार्यालय में आज नवपदस्थापित सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद ने विधिवत अपना पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर निवर्तमान सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार को चिकित्सकगण, पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा भावभीनी विदाई दी गई।
पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. अमरेंद्र प्रसाद ने कहा कि आम जनता को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
विदाई समारोह में निवर्तमान सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि टीम भावना एवं सामूहिक प्रयासों के कारण जिले में विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का सफल संचालन संभव हो सका।
इस अवसर पर उपाधीक्षक सदर अस्पताल डॉ बिमलेश सिंह, DRCHO डॉ असीम मांझी, डिटीओ डॉ एस बास्की, डॉ प्रभावती,सिविल सर्जन कार्यालय के जिला स्तरीय पदाधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. प्रभात कुमार के योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा नवपदस्थापित सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री प्रवीण कुमार सिंह ने सभी उपस्थित लोगों का धन्यवाद किया l
