इटकी/नारकोपी। नारकोपी थाना क्षेत्र के मंदरो गांव में सास की हत्या और पत्नी को गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने आरोपी सलमान अंसारी (28) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शुक्रवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, पारिवारिक विवाद के दौरान सलमान अंसारी ने अपनी 60 वर्षीय सास हाकिमान खातून और 22 वर्षीय पत्नी अफसाना परवीन पर लोहे की रॉड और चाकू से हमला किया था। हमले में हाकिमान खातून की मौत हो गई, जबकि अफसाना परवीन गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनका इलाज रिम्स में चल रहा है।
बेरो डीएसपी दीपक कुमार ने बताया कि मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी को आरोपी के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एक अक्टूबर को नारकोपी रेलवे स्टेशन से सलमान अंसारी को गिरफ्तार किया।
पूछताछ और आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
