रांची: आगामी दुर्गा पूजा 2026 की तैयारियों को लेकर रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों ने जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजंत्री से मुलाकात की। समाहरणालय ब्लॉक-ए स्थित उपायुक्त के कार्यालय कक्ष में हुई मुलाकात के दौरान दुर्गा पूजा के दौरान शहर की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
समिति के सदस्यों ने पूजा के दौरान शहर की साफ-सफाई, सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट और पेयजल की समुचित व्यवस्था कराने की मांग उपायुक्त के समक्ष रखी। समिति का कहना है कि पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शहर के विभिन्न पूजा पंडालों में पहुंचते हैं, ऐसे में बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त रखना जरूरी है।
समिति ने इन व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा कराने का आग्रह किया, ताकि दुर्गा पूजा का आयोजन सुचारु रूप से हो सके और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुलाकात के दौरान अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था) धन्यजय समेत रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति के आजीवन सदस्य डॉ. अजीत सहाय, अध्यक्ष, कार्यकारी अध्यक्ष रविंद्र वर्मा, संजय मिनोचा, जय सिंह यादव, सागर कुमार, मो. इस्लाम, राजन वर्मा, संजय सिन्हा, उज्जवल दुबे, अमरनाथ साहू, राजू और मयंक गिरी मौजूद रहे।
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने समिति के सदस्यों की मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी करने का भरोसा दिया। बैठक के बाद उम्मीद जताई गई कि दुर्गा पूजा से पहले शहर की मूलभूत व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रशासन की ओर से जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
