मस्जिद की संपत्तियों का समय पर हिसाब समाज के सामने रखने का संकल्प, नायब सदर पद के उम्मीदवार नौशाद कादरी ने मांगा समर्थन
रांची : जमीयत-ए-इदरीसिया मरकजी 84 पंचायत चुनाव 2026 को लेकर नायब सदर पद के उम्मीदवार नौशाद कादरी ने समाज में पारदर्शिता, जवाबदेही और बदलाव का मुद्दा उठाया है। उन्होंने चांद-तारा छाप पर चुनाव लड़ते हुए समाज के लोगों से समर्थन की अपील की है। नौशाद कादरी की ओर से जारी चुनावी अपील में कहा गया है कि मस्जिद से जुड़ी जितनी भी संपत्तियां हैं, उनका 84 पंचायत के माध्यम से समय पर पूरा हिसाब-किताब तैयार कर समाज के सामने रखा जाना चाहिए, ताकि व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे और समाज के लोगों को जानकारी उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि पंचायत के कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है। समाज के हित से जुड़े मामलों में सभी को साथ लेकर चलने और समस्याओं के समाधान के लिए लगातार सक्रिय रहने की जरूरत है। चुनावी अपील में नौशाद कादरी को शिक्षित, नौजवान, पंचायत का तजुर्बा रखने वाला और समाज के लोगों के सुख-दुख में खड़े रहने वाला उम्मीदवार बताया गया है। उनकी ओर से कहा गया है कि इस बार समाज बदलाव की अपेक्षा कर रहा है और इसी उद्देश्य के साथ वे नायब सदर पद के लिए मैदान में हैं। नौशाद कादरी ने जमीयत-ए-इदरीसिया मरकजी 84 पंचायत के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि चांद-तारा छाप पर मोहर लगाकर उन्हें कामयाब बनाएं, ताकि समाज के हित में पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था के लिए काम किया जा सके। इस मौक़े पर मो शमीम, मो नसीम, जुगनू, तस्लीम, मो शाहिद मौजूद थे.
