रांची। जमीयत-ए-इदरीसिया मरकजी 84 पंचायत में चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। सदर, जनरल सेक्रेटरी और नायब सदर समेत विभिन्न पदों के लिए दावेदारों ने नामांकन दाखिल किया है। चुनाव को लेकर संगठन से जुड़े लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
जमीयत-ए-इदरीसिया मरकजी 84 पंचायत का चुनाव 27 सितंबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक इदरीसिया तंजीम स्कूल में आयोजित किया जाएगा।
सदर पद के लिए मोहम्मद मेराजुद्दीन ने नामांकन दाखिल किया है। नामांकन के बाद उन्होंने अपनी जीत का दावा करते हुए कहा कि अगर उन्हें मौका मिलता है तो वे संगठन के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य और जमीनी स्तर के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों की समस्याओं को समझकर उनके समाधान की दिशा में लगातार प्रयास किया जाएगा।
वहीं, जनरल सेक्रेटरी पद के लिए मोहम्मद तबरेज ने अपनी दावेदारी पेश की है। जबकि अहमद रजा ने नायब सदर पद के लिए नामांकन दाखिल करते हुए जीत का दावा किया है।
चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ ही 84 पंचायत में राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियां तेज हो गई हैं। उम्मीदवार अपने-अपने समर्थन को मजबूत करने में जुटे हैं। अब सभी की नजरें 27 सितंबर को होने वाले चुनाव और इसके नतीजों पर टिकी हैं।
