चाईबासा के टोंटो थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बांडीजरी गांव निवासी 45 वर्षीय डोंका सिरका पर जंगली सूअर ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि डोंका सिरका गांव के पास गए हुए थे, तभी झाड़ियों से निकले जंगली सूअर ने उन पर हमला बोल दिया।
सूअर ने ग्रामीण को पटक-पटक कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले के दौरान डोंका सिरका की चीख-पुकार सुन आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने किसी तरह शोर मचाकर और दौड़ाकर जंगली सूअर को भगाया, जिसके बाद उनकी जान बच सकी।
घटना के बाद घायल ग्रामीण को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में जंगली जानवरों के बढ़ते खतरे पर कार्रवाई की मांग की है।
