रांची में वन विभाग और वाइल्डलाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो की संयुक्त कार्रवाई में वन्यजीव तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
गुप्त सूचना के आधार पर मेन रोड स्थित नटराज होटल में छापेमारी की गई, जहां कमरे से मोनिटर लिजार्ड के 30 हत्था जोड़ी बरामद किए गए।
जांच के दौरान होटल के कमरा नंबर 203 में तीन लोग ठहरे मिले। कमरे की तलाशी लेने पर काले प्लास्टिक में पैक वन्यजीव सामग्री बरामद हुई।
वन विभाग ने मौके से तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनमें राजीव रंजन मिश्रा, अविनाश आनंद और अरुण राम शामिल हैं।
वन विभाग के अनुसार आरोपियों पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
यह अपराध शिकार, संग्रहण और वन्यजीवों की अवैध तस्करी से जुड़ा संज्ञेय अपराध माना गया है।
फिलहाल तीनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
वन विभाग अब इस पूरे नेटवर्क और इसके अंतरराज्यीय कनेक्शन की भी जांच में जुट गया है।
