कुसुंबा कांड पर कांग्रेस का पलटवार, भाजपा पर भय फैलाने का आरोप
“संवेदनशील है सरकार, राजनीति नहीं न्याय चाहिए” – कांग्रेस
भाजपा पर निशाना: दर्दनाक घटना पर माहौल बिगाड़ने की कोशिश
कांग्रेस का संदेश: न्याय होगा तय, लेकिन अफवाह और डर नहीं चलेगा
रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने कुसुंबा विष्णुगढ़ की दर्दनाक घटना को लेकर भाजपा द्वारा किए जा रहे आंदोलन और बयानबाजी पर कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और निंदनीय है, और कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता और मजबूती से खड़ी है।
दूबे ने कहा कि “एक बेटी के साथ हुई इस जघन्य घटना ने पूरे समाज को झकझोर दिया है। हम स्पष्ट कहना चाहते हैं कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें कानून के तहत सख्त से सख्त सजा, यहां तक कि फांसी दिलाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।”
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि “दुख की इस घड़ी में भी भाजपा राजनीति करने से बाज नहीं आ रही है। जनता के बीच भय और अस्थिरता का माहौल बनाना बेहद गैरजिम्मेदाराना है। झारखंड जैसे शांतिप्रिय राज्य में डर का माहौल फैलाना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
दूबे ने कहा कि राज्य सरकार और प्रशासन लगातार इस मामले में सक्रिय है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए तेज़ी से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि “कानून अपना काम कर रहा है, और न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।
लेकिन भाजपा का यह कहना कि राज्य में कानून व्यवस्था समाप्त हो चुकी है, पूरी तरह भ्रामक और राजनीतिक एजेंडा से प्रेरित है।”
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के दर्द को समझती है और केवल बयानबाजी नहीं बल्कि वास्तविक सहयोग में विश्वास रखती है। “हम संवेदनशील हैं, जिम्मेदार हैं, और न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
दूबे ने कहा कि “अपराधियों को सजा जरूर मिलेगी, लेकिन समाज में डर और अराजकता फैलाने की कोशिश करने वालों को भी जनता जवाब देगी।”
