कहते हैं, अगर हौसले बुलंद हों, तो कोई भी मुश्किल मंजिल तक पहुंचने से नहीं रोक सकती। इसकी मिसाल पेश की है गोड्डा के दिव्यांग छात्र मोहम्मद फैजानुल्लाह ने।
सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित फैजानुल्लाह अपने हाथों से नहीं, बल्कि मुंह में पेन पकड़कर लिखते हैं। इसी जज्बे और कड़ी मेहनत के दम पर उन्होंने जैक की मैट्रिक परीक्षा 2026 में 93.8 प्रतिशत अंक हासिल कर शानदार सफलता प्राप्त की है।
फैजानुल्लाह की इस असाधारण उपलब्धि की चर्चा अब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तक पहुंची। झारखंड विधानसभा में मुख्यमंत्री ने उनसे मुलाकात की और उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और शिक्षा के प्रति समर्पण की जमकर सराहना की।
मुख्यमंत्री ने फैजानुल्लाह का हौसला बढ़ाते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और राज्य सरकार की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा भी दिया।
होम बेस्ड एजुकेशन के जरिए पढ़ाई करने वाले फैजानुल्लाह ने साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी शारीरिक बाधा की मोहताज नहीं होती।
फैजानुल्लाह की कहानी सिर्फ सफलता की कहानी नहीं, बल्कि लाखों लोगों के लिए हौसले और उम्मीद की मिसाल है।
