रांची। जगन्नाथपुर रथ यात्रा मेला की निविदा में कथित अनियमितता को लेकर मिली शिकायत के बाद रांची जिला प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच के लिए उपायुक्त ने अपर समाहर्त्ता (नक्सल) रांची की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच दल का गठन किया है।
जिला प्रशासन की ओर से 10 सितंबर को जारी आदेश के अनुसार, मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग के अवर सचिव तथा मुख्यमंत्री सचिवालय के उप सचिव की ओर से प्राप्त शिकायतों के आधार पर जांच के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद जिला स्तर पर जांच टीम गठित की गई।
अपर समाहर्त्ता (नक्सल) करेंगे जांच की अध्यक्षता
जांच दल की अध्यक्षता अपर समाहर्त्ता (नक्सल) रांची सुदर्शन मुर्मू करेंगे। टीम में तीन अन्य अधिकारियों को भी शामिल किया गया है। प्रशासन ने जांच दल को पूरे मामले की जांच कर संयुक्त जांच प्रतिवेदन यथाशीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं ने लगाए हैं आरोप
जगन्नाथपुर रथ यात्रा मेला की निविदा प्रक्रिया को लेकर झारखंड हाईकोर्ट के अधिवक्ता हर्ष कुमार अंकित और अजय कुमार की ओर से अनियमितता के आरोप लगाए गए हैं। शिकायत में निविदा प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की मांग की गई है।
अब जिला प्रशासन की गठित टीम शिकायत में लगाए गए आरोपों और निविदा प्रक्रिया से संबंधित दस्तावेजों की जांच करेगी। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि निविदा प्रक्रिया में नियमों का पालन हुआ था या नहीं।
फिलहाल प्रशासनिक जांच जारी है।
