CM के निर्देश पर वियतनाम में मृत राजा का पार्थिव शरीर रांची आज आएगा परिजनों को मिलेगी ₹5 लाख की सहायता

Spread the love

रांची: वियतनाम में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले रांची निवासी राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर शनिवार को भारत लाया गया। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्देश और श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के प्रयासों के बाद पार्थिव शरीर को रांची स्थित उनके पैतृक आवास तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई।
राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए विदेश मंत्रालय, हनोई स्थित भारतीय दूतावास और संबंधित वियतनामी अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय किया। आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर हनोई से कोलकाता हवाई अड्डे लाया गया।
योगा प्रशिक्षक के रूप में वियतनाम में कर रहे थे काम
राजा कुमार वर्मा रांची के कैलाश नगर के रहने वाले थे और वियतनाम में योगा प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत थे। वियतनाम में हुई सड़क दुर्घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
राजा कुमार वर्मा के निधन के बाद परिजनों ने राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष से संपर्क कर पार्थिव शरीर को स्वदेश लाने में मदद की गुहार लगाई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विभाग ने तत्काल संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
कोलकाता से रांची के लिए नि:शुल्क एम्बुलेंस की व्यवस्था
कोलकाता हवाई अड्डे पर आवश्यक दस्तावेजी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर को रांची स्थित पैतृक आवास तक पहुंचाने के लिए रांची जिला प्रशासन की ओर से नि:शुल्क एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई है।
परिजनों को दी जाएगी ₹5 लाख की वित्तीय सहायता
मुख्यमंत्री के निर्देश पर श्रम विभाग द्वारा मृतक के आश्रित को मुख्यमंत्री झारखण्ड अंतरराष्ट्रीय प्रवासी श्रमिक अनुदान योजना के तहत ₹5 लाख की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष की त्वरित कार्रवाई और प्रशासनिक समन्वय के बाद अब राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर उनके परिजनों तक पहुंचाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *