Tally Startup Collective–Ranchi Chapter में निवेश, पिचिंग और बिजनेस विस्तार पर हुई चर्चा; 5 चयनित स्टार्टअप्स ने निवेशकों के सामने किया 1:1 पिच
रांची, 16 सितंबर 2026: झारखंड में नवाचार, उद्यमिता और स्टार्टअप इकोसिस्टम को बढ़ावा देने की दिशा में JIIDCO की पहल के तहत बुधवार को ‘Tally Startup Collective – Ranchi Chapter’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड के विभिन्न हिस्सों से 75 से अधिक स्टार्टअप फाउंडर्स ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य के उभरते उद्यमियों को निवेशकों, मेंटर्स और उद्योग विशेषज्ञों से जोड़ना और उन्हें निवेश, बिजनेस विस्तार तथा प्रभावी पिचिंग से जुड़ी जरूरी जानकारी उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम में JIIDCO के महाप्रबंधक संजय कुमार साहू और Startup Jharkhand के Chief Enabler शुभम राज ने स्टार्टअप्स एवं नवाचार आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने में संस्थागत सहयोग, उद्योग जगत से जुड़ाव और मजबूत नेटवर्क की भूमिका पर प्रकाश डाला।
वहीं, Tally Solutions Pvt. Ltd. के AGM–Product Excellence गौतम चक्रवर्ती ने स्टार्टअप्स के लिए तकनीक और व्यावसायिक समाधानों से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर अपने विचार साझा किए। निवेश एवं फंडिंग से जुड़े सत्रों में A Square Capital की Managing Director चाहत अग्रवाल, VC Grid के कुमार धीरज और Angel Investor एवं Mission Blue Foundation के पंकज सोनी ने स्टार्टअप फाउंडर्स के साथ अपने अनुभव साझा किए। SanchiConnect के VP–Growth विजय बावरा ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
5 स्टार्टअप्स को निवेशकों के सामने पिच का मौका
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण 1:1 Investor Pitch Session रहा। इसमें झारखंड के पांच चयनित स्टार्टअप फाउंडर्स ने निवेशकों के सामने अपने बिजनेस मॉडल और भविष्य की विकास योजनाएं प्रस्तुत कीं।
फाउंडर्स को निवेशकों के साथ सीधे संवाद करने और अपने उद्यमों से जुड़े महत्वपूर्ण फीडबैक हासिल करने का अवसर मिला। इसके साथ ही नेटवर्किंग सत्र के माध्यम से स्टार्टअप फाउंडर्स, निवेशकों, मेंटर्स और इकोसिस्टम से जुड़े अन्य हितधारकों के बीच संभावित सहयोग को लेकर चर्चा हुई।
Tally Solutions, SanchiConnect, Startup Jharkhand और JIIDCO की सहभागिता से आयोजित इस कार्यक्रम ने सरकार, उद्योग, निवेशकों और स्टार्टअप समुदाय के बीच संवाद के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराया।
JIIDCO की ओर से कहा गया कि राज्य में औद्योगिक विकास के साथ-साथ उद्यमिता और नवाचार के लिए अनुकूल वातावरण विकसित करने पर भी लगातार काम किया जा रहा है। निवेशक नेटवर्क, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और उद्योग जगत से स्टार्टअप्स को जोड़ने वाली ऐसी पहलें झारखंड में एक मजबूत और सक्षम स्टार्टअप इकोसिस्टम तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
