रांची। राजधानी रांची में अपराधियों, अड्डेबाजों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। SSP के नेतृत्व में शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी और जांच अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई का मुख्य फोकस क्राइम ब्लैक स्पॉट, स्नैचिंग की घटनाओं, अड्डेबाजी और ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करना रहा।
पुलिस टीम ने सुखदेव नगर, पंडरा, कोतवाली, अरगोड़ा समेत मुंडला पहाड़ इलाके में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध ठिकानों की जांच की गई और अवैध शराब भी बरामद की गई। पुलिस की अचानक हुई कार्रवाई से असामाजिक तत्वों और अड्डेबाजों में हड़कंप मच गया।
SSP के नेतृत्व में कई इलाकों में छापेमारी
इस विशेष अभियान में सिटी एसपी, ट्रैफिक एसपी, ग्रामीण एसपी समेत कई पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे। पुलिस टीम ने संवेदनशील इलाकों में पहुंचकर संदिग्ध गतिविधियों की जांच की और अपराध की संभावनाओं वाले स्थानों पर विशेष निगरानी की।
पुलिस का यह अभियान सिर्फ अपराधियों की धर-पकड़ तक सीमित नहीं रहा, बल्कि स्नैचिंग वाले इलाकों, क्राइम ब्लैक स्पॉट, अड्डेबाजी और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर लगाम लगाने की कोशिश
राजधानी में अपराध पर नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का फोकस ऐसे स्थानों को चिन्हित करने पर है, जहां अपराध या असामाजिक गतिविधियों की संभावना अधिक रहती है।
रांची पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों के लिए राजधानी में अब सुरक्षित ठिकाने तलाशना आसान नहीं होगा। पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी और कार्रवाई तेज कर दी है।
