पतरातू में पहुंचे दो हाथी, रास्ते में घर की दीवार तोड़ी वन विभाग की अपील, हाथियों से रहें दूर

Spread the love

रामगढ़: जिले के पतरातू प्रखंड के पाली गांव में गुरुवार देर शाम दो जंगली हाथियों के पहुंचने से इलाके में हलचल मच गई। जंगल की ओर बढ़ रहे हाथियों ने रास्ते में एक घर की दीवार को नुकसान पहुंचाया और इसके बाद जंगल की तरफ आगे बढ़ गए।
हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और हाथी भगाओ दस्ता मौके पर पहुंचा। टीम की कोशिश है कि हाथियों को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर भेजा जाए।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगली हाथियों को परेशान न करें और उनके बेहद करीब जाने की कोशिश बिल्कुल न करें। विभाग का कहना है कि हाथी अपने प्राकृतिक आवास यानी जंगल की ओर बढ़ रहे हैं, इसलिए लोगों को उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखनी चाहिए।
बताया जा रहा है कि ये वही हाथी हैं, जो अंगड़ा क्षेत्र से होते हुए ओरमांझी की तरफ पहुंचे थे। इसी दौरान ओरमांझी इलाके में हाथियों के करीब जाने की कोशिश करने वाले इफ्तेखार अंसारी पर हाथी ने हमला कर दिया था। वह गंभीर रूप से घायल हुए थे और इलाज के दौरान मेदांता अस्पताल में उनकी मौत हो गई थी।
इस घटना के बाद वन विभाग लगातार लोगों से अपील कर रहा है कि हाथियों के रास्ते में न आएं, उन्हें घेरने या देखने के लिए भीड़ न लगाएं और पर्याप्त दूरी बनाए रखें। वन विभाग की टीम फिलहाल हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उन्हें सुरक्षित रूप से जंगल की ओर ले जाने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *