Ranchi: राजधानी रांची के प्रसिद्ध बड़ा तालाब से बुधवार सुबह एक व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान ग्वाला टोली निवासी 70 वर्षीय शाहिद अख्तर गद्दी के रूप में की गई है. वे रांची के जाने-माने बिल्डर साहब अली के भाई थे. जानकारी के अनुसार, शाहिद अख्तर पिछले तीन दिनों से घर से लापता थे. परिवार के लोग लगातार उनकी खोजबीन कर रहे थे और इस संबंध में पुलिस को भी सूचना दी गई थी.
तलाश के क्रम में आशंका जताई जा रही थी कि वे बड़ा तालाब की ओर गए होंगे. इसके बाद उनकी खोजबीन के लिए एनडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया. बुधवार सुबह तालाब में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान एनडीआरएफ की टीम ने उनका शव पानी से बाहर निकाला. शव मिलने की खबर मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई. सूचना पाकर स्थानीय पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है कि यह महज एक हादसा है या इसके पीछे कोई और कारण है. परिवार में इस घटना के बाद से मातम पसरा हुआ है.
