रांची। चुटिया थाना क्षेत्र के महादेव मंडा के पास एक युवती के साथ कथित मारपीट और छेड़छाड़ के मामले में पुलिस कार्रवाई नहीं होने से नाराज़ पीड़ित परिवार और स्थानीय लोग सोमवार दोपहर 2 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इस दौरान पीड़िता मुस्कान शर्मा अपनी आपबीती साझा करेंगी और पूरे मामले को सार्वजनिक करेंगी।
पीड़िता का आरोप है कि करीब 5 फीट चौड़ी सड़क को लेकर दो परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है, जो अब हिंसक रूप ले चुका है। उनका कहना है कि इस विवाद के कारण लगातार उनके परिवार और बहनों पर हमला किया जा रहा है। घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी सामने आने का दावा किया गया है, जिसमें मारपीट की घटनाएं कैद होने की बात कही जा रही है।
मुस्कान शर्मा ने बताया कि मामले को लेकर वह कई बार चुटिया थाना से लेकर एसपी कार्यालय तक सुरक्षा की गुहार लगा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कई तस्वीरें भी साझा की हैं, जिनमें उनके और उनकी छोटी बहन के शरीर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं।
पीड़िता ने बताया कि उनके पिता का कई वर्ष पहले ही निधन हो चुका है और वह परिवार की सबसे बड़ी बेटी हैं। ऐसे में पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर है। उनका आरोप है कि पहले दर्ज कराई गई शिकायत को वापस लेने के लिए भी उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है।
मुस्कान के अनुसार बीती रात भी उनके परिवार पर हमला किया गया, जिसमें उनकी छोटी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना के बाद से पूरा परिवार डरा हुआ है और लगातार सुरक्षा की मांग कर रहा है।
पीड़िता ने प्रशासन और न्याय व्यवस्था से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि अगर उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह इस मामले को लेकर आईजी, डीआईजी और मुख्यमंत्री तक गुहार लगाएंगी।
