सीसीएल द्वारा आयोजित राजभाषा माह – 2025 के अंतर्गत हिंदी महोत्सव के अवसर पर सीसीएल गांधीनगर में विभिन्न विद्यालयों के बीच अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में कविता वाचन, एकल अभिनय, प्रश्नोत्तरी, आशु भाषण तथा अन्य भाषाई गतिविधियाँ सम्मिलित थीं। इस प्रतियोगिता में रांची शहर के 20 विद्यालयों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे आयोजन का स्तर और भी प्रतिस्पर्धात्मक तथा प्रेरणादायक बन गया। इस आयोजन का उद्देश्य हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार के साथ विद्यार्थियों में सृजनात्मकता और भाषाई कौशल को प्रोत्साहन देना था।
इस अवसर पर सरला बिरला पब्लिक स्कूल, रांची के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कक्षा दसवीं के प्रिंस व्यास ने अपने प्रभावशाली एकल अभिनय से दर्शकों का मन मोह लिया और प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा नवीं की सचिता त्रिपाठी ने कवि सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला‘ की प्रसिद्ध कविता ‘राम की शक्ति पूजा’ का भावपूर्ण वाचन कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को ट्रॉफी और उत्कृष्टता प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मनीषा शर्मा ने विद्यार्थियों की इस सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे विद्यार्थियों ने न केवल विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है, बल्कि यह भी सिद्ध किया है कि हिंदी भाषा अभिव्यक्ति, भावना और संस्कारों की जीवंत धारा है। उनकी यह उपलब्धि निरंतर परिश्रम, आत्मविश्वास और शिक्षकों के स्नेहमय मार्गदर्शन का सुंदर परिणाम है।
