जयपाल सिंह स्टेडियम पुनर्निर्माण कार्य चढ़ा भ्रष्टाचार की भेंट, हो उच्चस्तरीय जांच– दीपक वर्मा

Spread the love

रांची : मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम के पुनर्निर्माण कार्य में हुए भ्रष्टाचार एवम अनियमितता की शिकायत को लेकर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम बचाव संघर्ष समिति ने आज मुख्यमंत्री सचिवालय को ज्ञापन सौप पूरे निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम के पुनर्निर्माण कार्य में जिस तरीके से संवेदक और प्रशासनिक मिलीभगत से भ्रष्टाचार की गाथा लिखी गई है वह अभी खुले आंखों से देखा जा सकता है।
जिस तरीके से स्टेडियम के निर्माण कार्य के एस्टीमेट को निगम और प्रशासनिक मिलीभगत से अनावश्यक रूप से बढ़ा कर जनता के टैक्स के पैसे का बंदरबांट किया गया है, पुनरुत्थान कार्य पर विभिन्न स्तर पर बड़े पैमाने पर अनियमितता बरती गई है जिसके कारण वर्तमान में मैदान समतल न होने के बजाय ऊबड़– खाबड़ है, जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम के चार दिवारी के टाइल्स अभी से ही टूट गए हैं, खेल कोर्ट के निर्माण कार्य आज भी अधूरे हैं, परिसर में लगे लाइट्स अभी ही आधा से ज्यादा खराब हो चुके हैं, खिलाड़ियों अथवा आमजनों के लिए शौचालय की व्यवस्था नही है, खेल मैदान को पटाने के लिए कोई समुचित व्यवस्था दिखते हुए प्रतीत नही होती है, स्टेडियम के रख– रखाव कार्य में संवेदक द्वारा बरती जा रही घोर अनियमितता पर मुख्यमंत्री को संज्ञान लेना चाहिए।
समिति के दीपक वर्मा ने कहा कि पूर्व में भी कई बार जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम संघर्ष समिति ने पुनर्निर्माण के प्रारंभ काल से ही विभिन्न स्तर पर मांगपत्र के माध्यम से घटिया कार्य की शिकायत की थी। परंतु प्रशासनिक एवम संवेदक के बीच के मिलीभगत के कारण मनमानी तरीके से कार्य पूर्ण करा दिया गया। आज जयपाल सिंह स्टेडियम चीख चीख कर अनियमितता की गवाही दे रहा है। बिना निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच के संवेदक द्वारा किए गए भ्रष्टाचारी खेल को 100% उजागर नही किया जा सकता है।
समिति के नीरज ने कहा कि संवेदक को ब्लैकलिस्ट करे निगम, नही तो समिति जोरदार आंदोलन करने को बाध्य होगा। आज भी संवेदक का स्टेडियम परिसर पर कब्जा है। खेल मैदान में अभी भी जलजमाव की समस्या बनी हुई है। स्टेडियम के रख रखाव के नाम पर सिर्फ कोरम पूरा करने के लिए पाइप से पानी पटाया जा रहा है। बास्केटबॉल कोर्ट में बास्केट बोर्ड को सड़ने के लिए छोड़ दिया गया है। परिसर के दक्षिणी छोर पर लगे जयपाल सिंह मुंडा जी के प्रतिमा से हॉकी गायब दिख रहा है जो प्रत्यक्ष रूप से जयपाल सिंह मुंडा जी का अपमान है।
मुख्यमंत्री सचिवालय को ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में दीपक वर्मा, नीरज, ब्रजेश गुप्ता, अंश वर्मा, अभिषेक, राहुल कुमार, आदर्श कुमार, दीपक कुमार, आकाश नयन आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *