दीपिका पाण्डेय सिंह ने लोहरदगा में वीर बुधु भगत को दी श्रद्धांजलि, जत्रा सह विकास मेले में गूंजा शहादत का संदेश

Spread the love

झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री श्रीमती दीपिका पाण्डेय सिंह ने आज लोहरदगा में अमर शहीद वीर बुधु भगत की जयंती के अवसर पर आयोजित जत्रा सह विकास मेला में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने वीर बुधु भगत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके साहस, संघर्ष एवं बलिदान को स्मरण किया। कार्यक्रम में लोहरदगा के सांसद श्री सुखदेव भगत तथा झारखंड प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष श्री राजेश ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

जत्रा सह विकास मेला में लोकनृत्य, गीत और पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से झारखंड की समृद्ध संस्कृति, विरासत और जनजीवन की सुंदर झलक देखने को मिली। विभिन्न विभागों द्वारा विकास योजनाओं की जानकारी और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का भी प्रदर्शन किया गया, जिससे आम जनता को सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी मिली।

इस अवसर पर मंत्री श्रीमती दीपिका पाण्डेय सिंह ने संक्षिप्त संबोधन में कहा कि अपने पुरखों की शहादत को याद रखना और आने वाली पीढ़ी को उनके संघर्ष से परिचित कराना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की पारंपरिक व्यवस्थाओं को सशक्त बनाने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

मंत्री श्रीमती सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को अपनी संस्कृति, इतिहास और अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ विकास की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *