झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अपने पैतृक गांव नेमरा में आयोजित पारंपरिक ‘बाहा पर्व’ में सपरिवार शामिल हुए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नेमरा स्थित जाहेर थान में पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। गांव के नाइके बाबा चैतन टुडू और कुडम नाइके बाबा छोटू बेसरा ने विधिवत पूजा संपन्न कराई।
मुख्यमंत्री ग्रामीणों के साथ पदयात्रा करते हुए जाहेर थान पहुंचे। ढोल-नगाड़ा और मांदर की गूंज के बीच उन्होंने स्वयं मांदर बजाकर ग्रामीणों का उत्साह बढ़ाया।
मुख्यमंत्री के गांव पहुंचने से नेमरा और आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल दिखा। उन्होंने लोगों से मुलाकात कर ‘बाहा पर्व’ की शुभकामनाएं दीं और आत्मीयता से सबका अभिवादन स्वीकार किया।
