रांची के सरला बिरला पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने झारखंड राज्य शूटिंग चैंपियनशिप 2026 और अंतर-विद्यालयी शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 11 पदक अपने नाम किए हैं। आसनसोल, पश्चिम बंगाल में 28 से 31 जुलाई तक आयोजित इस प्रतियोगिता में लगभग 150 स्कूलों के 1,500 निशानेबाजों ने हिस्सा लिया।
विद्यालय के खिलाड़ियों ने 5 स्वर्ण, 2 रजत और 4 कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। कक्षा 11वीं के इशित राज ने सबसे शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न वर्गों में 3 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य पदक जीते।
वहीं, संकलन मजूमदार ने राइफल स्पर्धा में 1 रजत और 1 कांस्य, आहान कपूर ने 1 स्वर्ण और 2 कांस्य, जबकि वैष्णवी सिंह ने युवा टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर इशित राज, संकलन मजूमदार और आहान कपूर ने ईस्ट जोनल शूटिंग चैंपियनशिप 2026-27 के लिए भी क्वालीफाई किया है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती मनीषा शर्मा ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनके अनुशासन, समर्पण और कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी विद्यालय के विद्यार्थी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराएंगे। :::
