रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड अंतर्गत सूत्री पंचायत के रोला गांव में हाथियों के बड़े झुंड ने दस्तक दी है। करीब 17 से 18 हाथियों का दल, जिसमें एक बच्चा भी शामिल है, गांव के आसपास पहुंचने से ग्रामीणों में भय का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, हाथियों का झुंड पहले जांगी क्षेत्र में पहुंचा, जहां खेतों में लगी फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया। इसके बाद झुंड सूत्री पंचायत के रोला गांव की ओर बढ़ गया। ग्रामीणों ने बताया कि झुंड में लगभग 17 से 18 विशाल हाथी और उनके साथ एक हाथी का बच्चा भी है।
हाथियों के गांव के समीप पहुंचने की सूचना मिलते ही ग्रामीण सतर्क हो गए। कई लोग घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए, जबकि किसान अपनी फसलों को लेकर चिंतित हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द कार्रवाई करने और हाथियों के झुंड को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने की मांग की है, ताकि किसी तरह की जनहानि या अतिरिक्त नुकसान न हो।
फिलहाल वन विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है। लोगों से अपील की गई है कि वे हाथियों के झुंड के पास न जाएं और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।
