प्रतिभा,अनुशासन और समर्पण को सलाम, सरला बिरला पब्लिक स्कूल में सम्मान समारोह

Spread the love

रांची: सरला बिरला पब्लिक स्कूल (SBPS), रांची में विद्यार्थियों की शैक्षणिक उत्कृष्टता, नियमितता, अनुशासन और निरंतर प्रयासों को सम्मानित करने के उद्देश्य से ‘ओजस’ एवं ‘प्रवाह’ सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। ‘ओजस’ के तहत उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जबकि ‘प्रवाह’ के माध्यम से नियमित उपस्थिति, अनुशासित प्रयास और लगातार बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि झारखंड रेलवे के महानिदेशक श्री अनिल पल्टा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने प्रेरणादायी समूहगान प्रस्तुत किया और पंचमहाभूत—पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश—पर आधारित आकर्षक नृत्य प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया।
समारोह का मुख्य आकर्षण पुरस्कार वितरण रहा, जिसमें छात्रों को शैक्षणिक उपलब्धियों, नियमित उपस्थिति, अनुशासित आचरण और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री अनिल पल्टा ने विद्यार्थियों को ईमानदारी, अनुशासन और स्पष्ट लक्ष्य के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए कहा कि केवल अंक ही नहीं, बल्कि जीवन में सफलता के लिए कौशल भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मनीषा शर्मा ने सभी सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि वास्तविक उत्कृष्टता नियमित प्रयास, समर्पण और आत्मानुशासन से प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य ऐसे जिम्मेदार, आत्मविश्वासी और सर्वांगीण व्यक्तित्व वाले विद्यार्थियों का निर्माण करना है, जो भविष्य में समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दें।
राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। समारोह ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को उत्कृष्टता, अनुशासन, समर्पण और निरंतरता के मूल्यों को जीवन में अपनाने का प्रेरक संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *