लोहरदगा: झारखंड के लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र स्थित रोचो महुआटोली में संचालित एक प्राइवेट स्कूल के हॉस्टल में दर्दनाक हादसा सामने आया है। जहरीले करैत सांप के डंसने से 13 वर्षीय छात्रा वर्षा उरांव की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य छात्राएं गंभीर रूप से बीमार हैं और उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात सभी छात्राएं भोजन करने के बाद हॉस्टल के अपने-अपने कमरों में सो रही थीं। देर रात एक जहरीला करैत सांप कमरे में घुस गया और सो रही छात्राओं को डंस लिया। घटना के बाद छात्राओं की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
इलाज के दौरान 13 वर्षीय वर्षा उरांव ने दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य छात्राओं की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और स्कूल परिसर में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, यह भी जांच की जा रही है कि हॉस्टल में सुरक्षा के क्या इंतजाम थे और जहरीला सांप हॉस्टल के कमरे तक कैसे पहुंचा।
इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने हॉस्टल और स्कूल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा सांपों से बचाव के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है।
