रांची में SDPI का शक्ति प्रदर्शन, 24 जून को लीडर्स कॉन्क्लेव में जुटेंगे राष्ट्रीय नेता

Spread the love

रांची: सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) झारखंड प्रदेश इकाई की ओर से 24 जून 2026 को रांची के मौलाना आजाद हॉल में एक दिवसीय लीडर्स कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष हबीबुर रहमान, तहमीदूर रहमान, झारखण्ड महासचिव शमीम अख्तर, झारखण्ड प्रभारी एन.यू. अब्दुल सलाम तथा प्रदेश मीडिया प्रभारी अब्दुल हन्नान ने संयुक्त रूप से इसकी जानकारी दी।नेताओं ने बताया कि इस महत्वपूर्ण कॉन्क्लेव में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एम. के. फैजी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी भी कार्यक्रम में भाग लेंगे। झारखंड के विभिन्न जिलों से जिला, प्रखंड एवं शाखा स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे। प्रेस वार्ता में झारखण्ड महासचिव शमीम अख्तर ने बताया कि कॉन्क्लेव का मुख्य उद्देश्य संगठन को और अधिक मजबूत एवं विस्तारित करना है। कार्यक्रम के दौरान राज्य में संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही नेतृत्व क्षमता के विकास और संगठनात्मक मजबूती के लिए विभिन्न सत्र आयोजित किए जाएंगे। पार्टी नेताओं ने कहा कि एसडीपीआई समाज के कमजोर, वंचित, शोषित एवं पिछड़े तबकों की आवाज़ बनने के लिए प्रतिबद्ध है। सामाजिक न्याय की स्थापना, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा तथा समानता, भाईचारे और इंसाफ के मूल्यों को मजबूत करना पार्टी का मूल उद्देश्य रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी शिक्षा, रोजगार, सुरक्षा और सम्मान जैसे जनसरोकार के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करती रही है।कॉन्क्लेव के दौरान वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संगठनात्मक अनुशासन, जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भागीदारी तथा संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर मार्गदर्शन देंगे। पार्टी का मानना है कि मजबूत संगठन ही जनता की आवाज़ को प्रभावी ढंग से उठाने और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा करने का सशक्त माध्यम बन सकता है।.नेताओं ने विश्वास जताया कि यह लीडर्स कॉन्क्लेव संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करने, नेतृत्व को सशक्त बनाने और भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य रूप से हबीबुर रहमान, तहमीदूर रहमान, एन.यू. अब्दुल सलाम, शमीम अख्तर और अब्दुल हन्नान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *