रांची: रांची नगर निगम में डिप्टी मेयर पद को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस बीच वार्ड 44 के पार्षद परमजीत सिंह टिंकू का नाम भी मजबूत दावेदारों में प्रमुखता से सामने आ रहा है। पहली बार चुनाव जीतकर पार्षद बने परमजीत सिंह टिंकू की राजनीतिक पकड़ और सक्रियता ने उन्हें इस दौड़ में अहम बना दिया है।
नगर निगम की राजनीति पर नजर रखने वाले लोगों का कहना है कि परमजीत सिंह टिंकू की अच्छी पकड़ भाजपा, कांग्रेस और झामुमो—तीनों दलों के नेताओं के बीच बताई जा रही है। यही वजह है कि पार्षदों के बीच उनकी लॉबी को भी काफी मजबूत माना जा रहा है।
सादगी भरे स्वभाव और मिलनसार छवि के कारण भी टिंकू को कई पार्षदों का समर्थन मिलने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि वे लगातार पार्षदों से संपर्क में हैं और डिप्टी मेयर पद के लिए समर्थन जुटाने में सक्रिय हैं।
फिलहाल रांची नगर निगम में डिप्टी मेयर पद को लेकर राजनीतिक समीकरण तेजी से बन और बिगड़ रहे हैं। ऐसे में अब देखना दिलचस्प होगा कि पार्षदों का समर्थन किसके पक्ष में जाता है और क्या परमजीत सिंह टिंकू इस दौड़ में बाजी मारकर डिप्टी मेयर की कुर्सी तक पहुंच पाते हैं या नहीं।
