अध्यक्ष पद की प्रत्याशी नौशीन खान के समर्थन में जनता का उत्साह
मिल्लत नगर और हरिजन बस्ती के लोगों ने दिया विशेष समर्थन
महिला सभा में जनसमस्याओं और विकास दृष्टि पर हुई चर्चा
जमशेदपुर: जुगसलाई नगर परिषद चुनावों के मद्देनज़र चुनावी गतिविधियाँ अपने चरम पर पहुँच चुकी हैं। इसी क्रम में आज झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान ने अपनी पत्नी एवं नगर परिषद अध्यक्ष पद की प्रत्याशी नौशीन खान के समर्थन में विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर लोगों से मुलाकात की और समर्थन की अपील की।
इस अवसर पर अपने संबोधन में हिदायतुल्लाह खान ने जनता से एकता और भाईचारे की अपील करते हुए कहा कि आप सब किसी भी प्रकार से विभाजित न हों, एकजुट रहें। उन्होंने कहा कि नौशीन खान हमेशा आपके बीच रहेंगी और आपकी सेवा के लिए समर्पित रहेंगी। उनके भाषण के दौरान लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
चुनावी अभियान के दौरान मिल्लत नगर (वार्ड संख्या 10) स्थित गोल्डन मैरिज हॉल में एक विशेष जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम तमन्ना अंजुम महिला समूह द्वारा एक सभा के अवसर पर रखा गया था। इस सभा में क्षेत्र की जागरूक महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। नौशीन खान ने महिलाओं से सीधे संवाद करते हुए स्थानीय समस्याओं को सुना और विकास योजनाओं को लेकर अपना दृष्टिकोण प्रस्तुत किया। महिलाओं ने भी खुलकर सफाई, पानी, सड़क और जनकल्याण सुविधाओं जैसे मुद्दे उठाए। नौशीन खान ने कहा कि यदि जनता ने उन्हें अवसर दिया तो वे मूलभूत सुविधाओं के सुधार को अपनी पहली प्राथमिकता बनाएँगी।
आज के चुनावी अभियान का एक और महत्वपूर्ण पड़ाव पुरानी बस्ती रोड स्थित हरिजन बस्ती में देखने को मिला, जहाँ स्थानीय निवासियों ने बड़ी संख्या में एकत्र होकर नौशीन खान के समर्थन की घोषणा की। युवाओं और बुजुर्गों ने समान उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। इस अवसर पर हिदायतुल्लाह खान भी उपस्थित थे, जिनका लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। लोगों ने हाथों में विजय चिन्ह बनाकर जीत के संकल्प का प्रदर्शन किया।
स्थानीय लोगों का कहना था कि वे इस बार ऐसे प्रतिनिधि को चुनना चाहते हैं जो उनके बीच रहे और व्यवहारिक कार्य करे। आज के कार्यक्रमों में जिस उत्साह और उमंग का प्रदर्शन हुआ, उससे स्पष्ट है कि जुगसलाई की जनता विकास, मूलभूत सुविधाओं और सक्रिय नेतृत्व की इच्छुक है। विभिन्न वर्गों, विशेषकर महिलाओं और युवाओं की भागीदारी ने चुनावी माहौल को और अधिक जीवंत बना दिया है।
अंत में नौशीन खान ने सभी क्षेत्रों की जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनका समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है।
