कब्रिस्तान की जमीन बेचने का आरोप बेबुनियाद, सबूत दें सचिव तारिक हुसैन : हाजी मुख्तार अहमद
वक्फ की जमीन बेचना संभव नहीं, वक्फ बोर्ड की अनुमति से ही हो सकता है बदलेन : मुख्तार अहमद
रांची : अंजुमन इस्लामिया के अध्यक्ष हाजी मुख्तार अहमद ने चुटिया कब्रिस्तान की जमीन बेचने के आरोपों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सचिव डॉ. तारिक हुसैन को चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि तारिक हुसैन सार्वजनिक रूप से सबूत पेश करें कि चुटिया कब्रिस्तान की जमीन किसे बेची गई और किस व्यक्ति ने इसे बेचा है। यदि वे अपने आरोपों को साबित नहीं कर पाते हैं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।हाजी मुख्तार अहमद ने कहा कि कब्रिस्तान की जमीन वक्फ की संपत्ति होती है और इसे बेचा नहीं जा सकता। नियमानुसार वक्फ की संपत्ति का बदलेन (भूमि के बदले भूमि का हस्तांतरण) किया जा सकता है, लेकिन इसके लिए वक्फ बोर्ड की अनुमति लेना आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जमीन बेचने का आरोप पूरी तरह से निराधार है और इस संबंध में आरोप लगाने वालों को प्रमाण प्रस्तुत करना चाहिए।उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर उन्होंने पहले भी पत्र लिखा है। कब्रिस्तान की जमीन की देखरेख और उसके बदलेन के लिए उपयुक्त व्यक्ति की तलाश करने की जिम्मेदारी प्रवेज आलम को दी गई थी। यह जिम्मेदारी जमीन की देखभाल और उससे जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से सौंपी गई थी।मुख्तार अहमद ने तारिक हुसैन पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग हमेशा चाहते हैं कि अंजुमन इस्लामिया बेहतर तरीके से काम नहीं करे। ऐसे लोग बेवजह विवाद खड़ा कर संस्था के कामकाज को प्रभावित करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह का आरोप लगाने से पहले संबंधित व्यक्ति को उसके समर्थन में ठोस सबूत पेश करना चाहिए। अंत में हाजी मुख्तार अहमद ने दो टूक कहा कि यदि तारिक हुसैन यह साबित नहीं कर पाते हैं कि उन्होंने चुटिया कब्रिस्तान की जमीन बेची है, तो वह उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा करेंगे। उन्होंने कहा कि संस्था और उसकी संपत्ति को लेकर किसी भी तरह के आरोपों पर तथ्यों के आधार पर बात होनी चाहिए।
