मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिले झामुमो नेता महताब अंसारी, कहा— सोरेन परिवार के हर सुख-दुःख में हमेशा खड़ा रहूंगा

Spread the love

नेमरा में मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान पिता मरहूम हाजी अख्तर अंसारी को याद कर भावुक हुए महताब अंसारी

रांची/नेमरा। झारखंड के माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन से आज उनके पैतृक गांव नेमरा स्थित आवास पर झामुमो नेता महताब अंसारी ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सोरेन परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए परिवार के साथ अपने पुराने पारिवारिक संबंधों और आत्मीय जुड़ाव को याद किया।

मुलाकात के दौरान महताब अंसारी ने कहा कि मां-बाप की कमी को दुनिया में कोई भी पूरा नहीं कर सकता। माता-पिता का साया इंसान के जीवन में अनमोल होता है और उनके जाने के बाद पैदा हुई कमी हमेशा महसूस होती है। उन्होंने इस भावुक प्रसंग में अपने पिता मरहूम जनाब हाजी अख्तर अंसारी को भी याद किया।

महताब अंसारी ने कहा कि मरहूम हाजी अख्तर अंसारी सोरेन परिवार के हर सुख-दुःख में हमेशा साथ खड़े रहे। परिवार के साथ उनका रिश्ता केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि आपसी सम्मान, विश्वास और आत्मीयता पर आधारित था। उन्होंने कहा कि अपने पिता के बताए रास्ते और उनके संबंधों की विरासत को आगे बढ़ाना उनकी जिम्मेदारी है।

“जिस तरह मेरे मरहूम वालिद हाजी अख्तर अंसारी सोरेन परिवार के हर सुख-दुःख में साथ खड़े रहे, उसी तरह मैं भी सोरेन परिवार के साथ हमेशा खड़ा रहूंगा।” महताब अंसारी ने कहा कि रिश्तों की असली पहचान कठिन समय में साथ निभाने से होती है। उन्होंने अपने पिता के पुराने संबंधों और मूल्यों को याद करते हुए सोरेन परिवार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

इस मुलाकात को पारिवारिक आत्मीयता, आपसी सम्मान और पुराने संबंधों की निरंतरता के संदर्भ में देखा जा रहा है। महताब अंसारी ने स्पष्ट किया कि उनके लिए अपने पिता के बनाए रिश्तों और उनकी यादों को सम्मान देना महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *