आजाद अंसारी को जान काखतरा, झारखंड हाई कोर्ट में दाखिल की गई PIL

Spread the love

आजाद अंसारी बोले- कोर्ट से दोषी साबित होने तक मुझे अपराधी कहने का अधिकार किसी को नहीं

आजाद अंसारी ने लगाया प्रशासनिक दबाव का आरोप, निष्पक्ष जांच और न्याय की लगाई गुहार

रांची : झारखंड हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव कुमार, आजाद अंसारी और अनवारुल नदवी ने हाई कोर्ट परिसर में प्रेस वार्ता की। इस दौरान अधिवक्ता राजीव कुमार ने कहा कि उनके मुवक्किल आजाद अंसारी को अपनी जान का खतरा है। इस संबंध में झारखंड हाई कोर्ट में जनहित याचिका (पिल) दाखिल की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि आजाद अंसारी पर प्रशासन की ओर से लगातार दबाव बनाया जा रहा है।अधिवक्ता राजीव कुमार ने बताया कि आजाद अंसारी ने विधानसभा थाना में भी मामला दर्ज कराया है। उन्होंने कहा कि आजाद अंसारी पर आरोप लगाने वाले लोगों के खिलाफ भी पूर्व में विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।प्रेस वार्ता में आजाद अंसारी ने खुद को व्यवसायी बताते हुए कहा कि कुछ लोग लगातार उन पर आरोप लगा रहे हैं और अदालत के फैसले से पहले ही उन्हें अपराधी और गुंडा कहकर संबोधित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक अदालत किसी व्यक्ति को दोषी साबित नहीं करती, तब तक उसे अपराधी कहना उचित नहीं है। आजाद अंसारी ने कलाम अंसारी, ममता तिर्की, उत्तरी टुंडल के मुखिया, अख्तर अंसारी और इनामुल अंसारी से जुड़े मामलों की भी प्रशासन से जांच कराने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि हर चार दिन पर उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं और विभिन्न विभागों में शिकायतें की जा रही हैं। उनके अनुसार, इन गतिविधियों का उद्देश्य उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना है। आजाद अंसारी ने कहा कि वह जल्द ही संबंधित लोगों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा भी दायर करेंगे। उन्होंने रांची जिला प्रशासन से अपने पक्ष और विरोधी पक्ष, दोनों से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *