रांची में 25 से अधिक स्थानों पर सघन अपराध-रोधी चेकिंग, ड्रंकन ड्राइविंग पर भी पुलिस की सख्ती

Spread the love

रांची। अपराध पर अंकुश लगाने और शहर में सुदृढ़ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रांची पुलिस ने शुक्रवार रात व्यापक अपराध-रोधी चेकिंग अभियान चलाया। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में एक साथ 25 से अधिक स्थानों पर पुलिस की टीमें सक्रिय रहीं।
सुजाता चौक, न्यू मार्केट चौक, खेलगांव, शहीद मैदान, चांदनी चौक और बिरसा चौक समेत ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस ने वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की।
वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर विभिन्न थानों की पुलिस ने संयुक्त रूप से टीम बनाकर यह अभियान चलाया। इसका उद्देश्य असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर रोक लगाना, रात के समय होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाना और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
वहीं, सड़क सुरक्षा को लेकर भी पुलिस ने प्रमुख चौराहों और मुख्य मार्गों पर ड्रंकन ड्राइविंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच की गई और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने पर जोर दिया गया।
रांची पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सुरक्षा जांच के दौरान पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या 112 हेल्पलाइन पर दें।
पुलिस का कहना है कि अपराध की रोकथाम और सुरक्षित माहौल बनाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *