सदर अस्पताल रांची की बड़ी उपलब्धियां: मुफ्त इलाज से जटिल सर्जरी तक, राष्ट्रीय स्तर पर बना पहचान

Spread the love

आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सदर अस्पताल, रांची लगातार अपनी स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार कर रहा है। अस्पताल की ओर से जारी उपलब्धियों के अनुसार, इलाज की गुणवत्ता, जटिल सर्जरी, बच्चों के उपचार, ब्लड बैंक और पीसी-पीएनडीटी एक्ट के प्रभावी अनुपालन जैसे क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। सदर अस्पताल, रांची को जनसेवा के प्रति बेहतर कार्य के लिए झारखंड का पहला मुस्कान सर्टिफाइड सरकारी अस्पताल बनने का गौरव मिला है। इसके अलावा अस्पताल को लक्ष्य, कायाकल्प, इन्क्वास, इको-फ्रेंडली और NABL जैसे महत्वपूर्ण गुणवत्ता एवं मानकों की मान्यता भी प्राप्त हुई है।
आयुष्मान भारत योजना के तहत बेहतर कार्यप्रणाली और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के मामले में सदर अस्पताल, रांची ने राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल की है। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुणे में आयोजित चिंतन शिविर में स्वास्थ्य विभाग को सम्मानित भी किया गया।
सदर अस्पताल में अब कई प्रकार की जटिल और उन्नत सर्जरी निःशुल्क की जा रही हैं। इनमें जटिल ब्रेन एवं स्पाइन सर्जरी, सर्वाइकल ट्यूमर सर्जरी, ब्रेन ट्यूमर सर्जरी और थोरैसिक डिस्केक्टॉमी सहित अन्य जटिल ऑपरेशन शामिल हैं। अस्पताल के अनुसार, इन सुविधाओं के कारण जरूरतमंद मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे बड़े शहरों का रुख करने की जरूरत कम हो रही है।
सदर अस्पताल में जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के इलाज के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान करीब 305 बच्चों की निःशुल्क स्क्रीनिंग की गई, जबकि सर्जरी के लिए चिन्हित 101 बच्चों का निःशुल्क ऑपरेशन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को समय पर उचित उपचार उपलब्ध कराना और गंभीर हृदय रोग के मामलों में इलाज की सुविधा को आसान बनाना है।
अस्पताल के ब्लड बैंक को भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है। अहमदाबाद में आयोजित एक राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में सदर अस्पताल, रांची के ब्लड बैंक को ‘बेस्ट गवर्नमेंट ब्लड बैंक’ के सम्मान से नवाजा गया। अस्पताल का कहना है कि यह उपलब्धि गुणवत्तापूर्ण रक्त सेवाओं और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
सदर अस्पताल, रांची की ओर से पीसी-पीएनडीटी एक्ट के प्रभावी अनुपालन के साथ-साथ लिंग चयन जैसी अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। पीसी-पीएनडीटी एक्ट के उल्लंघन से जुड़े मामलों में मां अल्ट्रासाउंड एंड डायग्नोस्टिक सेंटर, सिटी अल्ट्रासाउंड सेंटर सहित अन्य संबंधित केंद्रों को सील करने की कार्रवाई की गई है। अस्पताल की ओर से बताया गया कि इन प्रयासों का उद्देश्य कन्या भ्रूण हत्या और लिंग चयन पर प्रभावी रोक लगाना तथा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का संदेश लोगों तक पहुंचाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *